
वाराणसी में कानून व्यवस्था और यातायात को बेहतर बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शहर क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण और पैदल गश्त की। यह गश्त अंध्रापुल से शुरू होकर मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए लंका तक की गई। इसके अलावा रविदास गेट से मालवीय चौराहा और ट्रॉमा सेंटर तिराहा तक पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट वाहनों और गलत रूट या बारकोड पर चल रहे ई-रिक्शा व ऑटो के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। 1 जनवरी 2026 से अब तक 30 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया गया है। वहीं 974 वाहनों का चालान किया गया, 15 वाहन सीज किए गए और 58 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा 45 ई-रिक्शा और ऑटो सीज किए गए तथा 404 का चालान किया गया।
अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्ती दिखाते हुए 19 मुकदमे दर्ज किए गए और 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षित यातायात, पार्किंग अनुशासन, अतिक्रमण हटाने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
