
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, जनता अपनी जेब से करा रही सफाई
वाराणसी के नादेशर स्थित वार्ड संख्या 35 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बाबा का मजार वाली गली के बाहर, बकरा और बाइक स्टिकर की दुकान के पास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार नगर निगम विभाग और क्षेत्रीय पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि नाली भर जाने पर मोहल्लेवासियों को मजबूरी में अपनी जेब से पैसा खर्च कर निजी स्वीपर बुलवाना पड़ता है। नाली से निकली सिल्ट भी लोग खुद पैसे देकर हटवाते हैं।
निवासियों का आरोप है कि जब तक गंदगी से असहनीय बदबू नहीं फैलती, तब तक न तो कोई अधिकारी और न ही कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचता है। बीमारी के डर से लोग अस्थायी तौर पर सफाई तो करा लेते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति फिर वही हो जाती है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लापरवाही किसी बड़ी बीमारी को न्योता दे सकती है।
