भाजपा के आठ वर्ष: बीमारू राज्य से देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन’ नीति पर आधारित एक पुस्तिका और डॉक्यूमेंट्री जारी की। सीएम योगी ने कहा कि आठ वर्षों में किसानों, बेरोजगारों, परंपरागत उद्यमियों और मातृशक्ति के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इस उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनपद मुख्यालयों में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश: बीमारू राज्य से आर्थिक शक्ति तक का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था, लेकिन आज यह देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। पहले यूपी को विकास में बाधा माना जाता था, लेकिन अब यह विकास की मिसाल बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश, जनता और व्यवस्था वही है, बस सरकार बदलने से बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

कृषि और किसान कल्याण में ऐतिहासिक सुधार

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। अब किसानों की स्थिति सुधरी है। प्रदेश की जीडीपी में 28% की बढ़ोतरी हुई है, और किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों रुपये सीधे उनके खातों में भेजे गए हैं। सिंचाई की व्यापक व्यवस्था की गई है, कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इससे दलहन, तिलहन और अन्य फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है।

चीनी मिलों की स्थिति सुधारने पर भी ध्यान दिया गया। जहां पहले चीनी मिलें बंद होने की कगार पर थीं, अब वे सुचारू रूप से कार्यरत हैं। छह नई चीनी मिलें स्थापित की गई हैं। एथेनॉल उत्पादन में उत्तर प्रदेश 177 लाख लीटर तक पहुंच गया है।

कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और अपराध आम बात थे, लेकिन अब यूपी में कानून का राज स्थापित हुआ है। महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो रहे हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से एक लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई, हाल ही में 60 हजार पुलिसकर्मी और जोड़े गए।

पहले 10 जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थी, आज वहां या तो पुलिस लाइन बन चुकी है या निर्माणाधीन है। पीआरवी 112 की रिस्पांस टाइमिंग पहले 15 मिनट थी, जिसे घटाकर 7 मिनट कर दिया गया है।

महिला सशक्तिकरण में बड़ी उपलब्धियां

प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। हाल ही में संपन्न पुलिस भर्ती में 12,000 से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया। बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 25,000 रुपये की सहायता राशि से हजारों बेटियों को लाभ मिला है।

4.76 लाख से अधिक सामूहिक विवाह संपन्न कराए गए हैं। एक करोड़ से अधिक महिलाओं को घरौनी प्रदान की गई है, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिला है।

रोजगार और शिक्षा में क्रांतिकारी सुधार

सीएम योगी ने कहा कि पहले यूपी का युवा अपनी पहचान छिपाने के लिए मजबूर था, लेकिन आज वह गर्व से अपनी पहचान बता सकता है। बेरोजगारी दर 19% से घटकर 3% रह गई है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार दिया गया है।

50 लाख युवाओं को टैबलेट या स्मार्टफोन देकर उन्हें डिजिटल रूप से सक्षम बनाया गया है। विश्वकर्मा श्रम शक्ति योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण और टूल्स प्रदान किए जा रहे हैं। यूपी में नकल विहीन परीक्षाएं कराई जा रही हैं और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया गया है। हर कमिश्नरी में एक राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है।

बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक विकास

56 लाख गरीबों को आवास प्रदान किए गए हैं। एक करोड़ छह लाख लोगों को वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन दी जा रही है। वृद्धावस्था पेंशन 300 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।

पहले यूपी की पहचान गड्ढों से भरी सड़कों से होती थी, लेकिन अब राज्य में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे हैं। छह एक्सप्रेसवे पहले से चालू हैं, 11 और निर्माणाधीन हैं। देश में सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क भी यूपी के पास है। सभी जिला मुख्यालय अब फोर लेन से जुड़े हैं, जिससे इंटरस्टेट कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आठ वर्षों में यूपी ने जबरदस्त बदलाव देखा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, किसानों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। सरकार की नीतियां सेवा, सुरक्षा और सुशासन पर आधारित हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page