Varanasi: यूपी कॉलेज में छात्र को मारी गोली हुई मौत, आक्रोशित छात्रों को समझाने में जुटी पुलिस

क्लासरूम में घुसकर चली चार राउंड फायरिंग, मनजीत पर आरोप; कॉलेज परिसर में तोड़फोड़, भारी पुलिस बल तैनात

वाराणसी: शहर के Udai Pratap College में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब कॉलेज परिसर के अंदर हुई गोलीबारी में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, तोड़फोड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक छात्र पर आरोप है कि उसने क्लासरूम में घुसकर सूर्य प्रताप सिंह पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि करीब चार राउंड गोली चली, जिसमें एक गोली छात्र को कमर के नीचे लगी। मौके से चार खोखे और एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।

घायल छात्र को पहले Deen Dayal Upadhyay Hospital ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे IMS BHU रेफर किया गया। वहां से भी जवाब मिलने के बाद छात्र को BHU Trauma Center ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिसर में छात्रों का हंगामा और तोड़फोड़

घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के प्रशासनिक भवन और कला एवं सामाजिक विज्ञान भवन में जमकर तोड़फोड़ की। कुर्सियां और मेजें तोड़ दी गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और छात्रों को परिसर से बाहर निकालना पड़ा। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प भी हुई।

छात्राओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। कई शिक्षक और कर्मचारी सुरक्षा के लिए चैनल गेट बंद कर अंदर ही छिपे रहे।

भारी पुलिस फोर्स तैनात, अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल कॉलेज पहुंच गया। मौके पर लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

घटनास्थल पर डीआईजी, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही कई थानों की फोर्स और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई।

तहरीर का इंतजार, जांच जारी

समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page