
वाराणसी -(काशीवार्ता)- राजातालाब थाना क्षेत्र के मेहदीगंज-राजातालाब ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब दो ट्रकों में भीषण टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर निवासी चालक सौरभ यादव (27) अपने खलासी संदीप सिंह यादव (22) के साथ बंद ढाला ट्रक लेकर वाराणसी की ओर जा रहा था।
सुबह करीब 6:30 बजे ओवरब्रिज पर पहुँचते ही उसकी ट्रक आगे चल रही दूसरी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक व खलासी उसमें फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और राहगीरों के साथ मिलकर अथक प्रयास किया और केबिन में फंसे चालक व खलासी को सकुशल बाहर निकाला। संयोग अच्छा रहा कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। घायलों को एनएचएआई की एम्बुलेंस द्वारा सीएसी जक्खिनी इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि संभवतः चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। दोनों वाहन सुरक्षित हैं और यातायात सुचारू रूप से चालू है।
