
सारनाथ, वाराणसी। आशापुर-सारनाथ मार्ग पर बीती रात तेज बारिश के कारण आम का एक विशाल पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं, कुछ ही दूरी पर एक अन्य पेड़ भी तेज बारिश के चलते गिर पड़ा है।
इन दोनों पेड़ों के गिरने से मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से ही रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध है, लेकिन अभी तक संबंधित विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है और यहां पर आवागमन का दबाव अधिक रहता है, ऐसे में पेड़ों के कारण सड़क बंद होने से स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकलने वालों को दिक्कतें हो रही हैं।
समाचार लिखे जाने तक पेड़ अब भी मुख्य मार्ग पर गिरा हुआ है और उसे हटाने की कोई कार्यवाही शुरू नहीं हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है ताकि मार्ग पर यातायात पुनः सुचारू हो सके।
