नई दिल्ली: हर्ष विहार में गोलीबारी, दो लोगों की मौत

नई दिल्ली। हर्ष विहार थाना क्षेत्र के सी-ब्लॉक, प्रताप नगर में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। हमलावरों ने 35 वर्षीय सुधीर उर्फ बंटी और 30 वर्षीय राधे प्रजापति को निशाना बनाया। दोनों निवासी प्रताप नगर, बेहटा हाजीपुर के थे।

जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने अचानक हमला कर दोनों को गोली मार दी। गोली लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में रंजिश और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।

वारदात के बाद प्रताप नगर इलाके में तनाव का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

यह घटना एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

TOP

You cannot copy content of this page