हिण्डाल्को रेणुकूट में त्रैवार्षिक वेतन समझौता सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न

रेणुकूट, 27 जनवरी। हिण्डाल्को रेणुकूट में त्रैवार्षिक वेतन समझौता मंगलवार को सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुआ। यह समझौता मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों हिण्डाल्को श्रमिक संघ, अल्युमिनियम कर्मचारी यूनियन एवं मजदूर एकता हिण्डाल्को तथा प्रबंधन के बीच कई चरणों की बातचीत के बाद हिण्डाल्को प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ।

समझौते के तहत श्रमिकों के वेतन पुनरीक्षण के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी प्रावधानों को शामिल किया गया है। प्रबंधन की ओर से मानव संसाधन प्रमुख श्री जसबीर सिंह, उपाध्यक्ष श्री अजय कुमार सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तथा श्रम संगठनों की ओर से संबंधित यूनियन पदाधिकारियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर क्लस्टर हेड श्री समीर नायक ने समझौते को संतुलित और सुव्यवस्थित बताते हुए दोनों पक्षों को बधाई दी। एचआर प्रमुख श्री जसबीर सिंह ने कहा कि श्रमिकों की मांगों पर खुले मन से विचार करते हुए वेतन वृद्धि के साथ माता-पिता की मेडिकल सुविधाओं में बढ़ोतरी, पितृत्व अवकाश और टर्म इंश्योरेंस जैसी नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

श्री अजय कुमार सिन्हा ने समझौते के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि श्रमिकों के लिए सामर्थ्य निर्माण भत्ता भी प्रारंभ किया गया है। यूनियन पदाधिकारियों ने इस समझौते को पूर्व की तुलना में बेहतर बताते हुए श्रमिक हित में किए गए प्रयासों के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

TOP

You cannot copy content of this page