टूरिज्म एक्स‌पो कल से, 500 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

अभूतपूर्व विकास के कारण चुना गया काशी को- गोयल
विकसित भारत के लिए आईआईए आहुति देगा आईआईए – आर के चौधरी

वाराणसी(काशीवार्ता)। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के इंटरनेशनल टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2025 कल 18 दिसंबर से होटल ताज गंगेस में किया जा रहा है। दो दिवसीय इस एक्सपो में 500 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। यह उत्तर भारत में अपने तरह का एक ऐतिहासिक आयोजन है, जिसे इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA), इन्सेस्ट् यूपी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है यह एक्सपो न केवल वाराणसी बल्कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े सभी आयामों के समग्र विकास के अवसरों को एक मंच पर लाकर राज्य और देश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में योगदान देने की दिशा में एक सशक्त पहल है।

आई आई ए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपो के लिए ‘काशी’ का चयन विश्व की प्राचीनतम नगरी के होने के साथ ही स्थानीय सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभूतपूर्व विकास के कारण के कारण किया गया। आज विश्व पटल पर यह शहर नए पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। बेहतरीन कनेक्टिविटी, मनोहर रिवरफ्रंट, श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की वजह से यहाँ पर्यटन और आतिथ्य उद्योगों के लिए अपार संभावनाओं ने जन्म लिया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर के चौधरी ने कहा, एक्सपो में भारतीय संस्कृति को अपनाने वाले 6 से 8 देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, व्यापार सलाहकार एवं व्यापारिक अधिकारी भाग लेंगे। ये प्रतिनिधि 18 दिसंबर को होटल ताज में एक्सपो का विस्तृत भ्रमण कर 85 से अधिक प्रदर्शकों के माध्यम से भारतीय उत्पादों, कला, संस्कृति, परिधान, व्यंजन एवं आतिथ्य से रूबरू होंगे। जबकि, 19 दिसंबर को इन्वेस्ट यूपी के सहयोग से “निवेश, निर्यात एवं आयात” विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश में व्यापार सुगमता, निवेश संभावनाओं तथा पर्यटन एवं आतिथ्य परियोजनाओं के लिए राज्य को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव दीपक कुमार बजाज ने कहा, वैश्विक निवेश की संभावनाओं को साकार करना, नए उद्योगों को बढ़ावा देना, नए युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित कर आवश्यक सहयोग देना
एक्सपो का मुख्य उद्देश्य है।

TOP

You cannot copy content of this page