महाशिवरात्रि पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में चाक-चौबंद सुरक्षा, प्रशासन अलर्ट

वाराणसी(काशीवार्ता)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मार्कंडेय महादेव मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। निरीक्षण और भ्रमण के बाद अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था व मुख्यालय) और जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, मंदिर पुजारियों, प्रबंधन समिति और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में दर्शन व्यवस्था, पूजन प्रक्रिया, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सूचना प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रणनीति तय की गई।

मंदिर प्रबंधन और पुजारियों ने संभावित श्रद्धालु संख्या, पारंपरिक धार्मिक व्यवस्थाओं और स्थानीय चुनौतियों को लेकर सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें जनहित में लागू करने का भरोसा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दर्शन व्यवस्था, तय समय सारिणी और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, एनडीआरएफ और अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

TOP

You cannot copy content of this page