
वाराणसी स्थित जिला न्यायालय वाराणसी (बनारस कचहरी) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार देर रात हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार जिला जज के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर रात करीब 1:30 बजे धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही न्यायिक अधिकारियों और बार पदाधिकारियों में हलचल मच गई।
शुक्रवार सुबह एहतियातन कचहरी परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था तत्काल कड़ी कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ शिवाकांत मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन जांच कराई।
सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट कक्षों, अधिवक्ताओं के चेंबर और पार्किंग क्षेत्र समेत सभी स्थानों की तलाशी ली। प्रवेश द्वारों पर सख्त चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद सेंट्रल बार और बनारस बार पदाधिकारियों की आपात बैठक हुई। अधिवक्ताओं से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। सुरक्षा कारणों से कुछ समय तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा।
मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। ई-मेल भेजने वाली आईडी और उसके स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने आम लोगों और अधिवक्ताओं से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। मामले की जांच गंभीरता से जारी है।
