
वाराणसी(काशीवार्ता)।वाराणसी का वरुणापार क्षेत्र, जो अब तक अपने ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए जाना जाता रहा है, अब खेल भावना के प्रतीक के रूप में एक नए आयाम को छूने जा रहा है। सेंट्रल जेल रोड पर जेपी मेहता कॉलेज मार्ग से लहरतारा फ्लाईओवर की ओर जाने वाला तिराहा अब ‘स्पोर्ट्स तिराहा’ के नाम से पहचाना जाएगा। इस तिराहे को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद को समर्पित किया गया है।
इस क्षेत्र में विकास प्राधिकरण द्वारा एक खूबसूरत गोलंबर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। गोलंबर की खास बात यह है कि इसमें 7-7 मीटर ऊंचे दो हॉकी स्टिक लगाए गये हैं जो कि अब आखिरी स्वरूप में है और यह न सिर्फ हॉकी खेल के सम्मान का प्रतीक हैं, बल्कि इस क्षेत्र के खेल प्रेम को भी दर्शाते हैं। यह कदम वाराणसी में खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
वरुणापार क्षेत्र का खेल इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां से निकले खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। मोहम्मद शाहिद, विवेक सिंह, राहुल सिंह और ललित उपाध्याय जैसे चार ओलंपिक खिलाड़ी इसी मिट्टी की देन हैं। ये सभी खिलाड़ी वाराणसी के प्रसिद्ध उदय प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान से प्रशिक्षित हुए हैं। यह मैदान अब एक पहचान बन चुका है, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे हैं।
विकास प्राधिकरण का कहना है कि इस तिराहे को एक ‘खेल समर्पित स्थल’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसे देखकर लोग प्रेरित हो सकें। यहां पर खिलाड़ियों और बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है। क्षेत्र में खेल के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के लिए जगह-जगह खेल संबंधी सुविधाएं और संरचनाएं विकसित की जाएंगी।
यह पहल न सिर्फ खिलाड़ियों के प्रति सम्मान प्रकट करती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी खेलों के प्रति आकर्षित करने का माध्यम बनेगी। ‘स्पोर्ट्स तिराहा’ एक प्रेरणास्त्रोत के रूप में काम करेगा, जहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति खेल भावना और देशभक्ति का अनुभव कर सकेगा। वाराणसी जैसे सांस्कृतिक शहर में यह खेल संरचना खेल और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करती है।