महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु सम्मान और सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था

महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए वाराणसी में श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को संवेदनशील और श्रद्धालु-केन्द्रित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में स्पष्ट किया गया कि सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को “सर” और “मैडम” कहकर सम्मानपूर्वक संबोधित करेंगे और मंदिर प्रवेश द्वारों पर हाथ जोड़कर स्वागत करेंगे। लंबी दूरी से आने वाले श्रद्धालुओं की थकान और भीड़ के कारण होने वाली बेचैनी को समझते हुए पुलिस को धैर्य, संयम और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की अभद्रता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिसकर्मियों के व्यवहार की निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से कंट्रोल रूम से की जाएगी।

महाशिवरात्रि पर लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और गंगा घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। घाटों पर एनडीआरएफ और जल पुलिस की तैनाती रहेगी। वहीं, संवेदनशील क्षेत्रों में एटीएस की टीम भी तैनात की जाएगी।

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी होगी और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजन और दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सहायता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

TOP

You cannot copy content of this page