
वाराणसी। काशी घूमने आए हैदराबाद निवासी भाई-बहन द्वारा होटल के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार दोनों चार दिन पहले काशी विश्वनाथ धाम दर्शन और शहर भ्रमण के लिए वाराणसी पहुंचे थे। वे शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे और चेक आउट वाले दिन यह घटना हुई।
बताया जा रहा है कि दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल स्टाफ को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया तो दोनों भाई-बहन जमीन पर पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर खाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमरे से कुछ सामान और संभावित सुसाइड नोट मिलने की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है।
