वाराणसी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आध्यात्म का विशेष आयोजन किया जा रहा है। मंदिर प्रांगण में 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) से 8 अप्रैल 2026 (बुधवार) तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कथा से पूर्व 1 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में महिलाएं अपने सिर पर कलश रखकर मंदिर प्रांगण से अस्सी घाट तक पैदल जाएंगी। वहां गंगा जल भरने के बाद पुनः मंदिर लौटकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन करेंगी। कलश यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक घाट की ओर प्रस्थान करेंगे, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहेगा।
कथा का वाचन पूज्य आचार्य आशुतोष जी महाराज द्वारा किया जाएगा। प्रतिदिन सायं 4:30 बजे से 7:30 बजे तक श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकेंगे। कथा समापन के अवसर पर 8 अप्रैल को सायं 7:30 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
मंदिर के मुख्य पुजारी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है। इस मंदिर की स्थापना भारत के महान शिक्षाविद् और समाजसेवी पंडित महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा कराई गई थी। मंदिर की एक अनूठी मान्यता यह भी है कि जो श्रद्धालु लगातार 41 दिनों तक एक ही समय पर मंदिर में दर्शन-पूजन करता है, उसकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
