ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य Swami Avimukteshwaranand Saraswati को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी कथित रूप से फोन और वॉइस मैसेज के जरिए दी गई है, जिसमें उन्हें माफिया Atiq Ahmed की तरह मारने की चेतावनी दी गई है। इस घटना से उनके समर्थकों और अनुयायियों में चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती देशभर में गौ रक्षा को लेकर “गौ माता – राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर जनजागरण करना है। इसी क्रम में आगामी 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी “गविष्ठी यात्रा” प्रस्तावित है। इस यात्रा के दौरान वे लोगों से गौ संरक्षण के लिए आवाज उठाने और हर विधानसभा क्षेत्र में “रामा गौ धाम” के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।
इसी बीच ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर 1 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:25 से 10:35 बजे के बीच लगातार आपत्तिजनक टेक्स्ट संदेश भेजे गए। बाद में उस नंबर को ब्लॉक करने के बाद भी 6 अप्रैल को दो अलग-अलग वॉइस मैसेज प्राप्त हुए, जिनमें शंकराचार्य को गंभीर धमकियां दी गईं। संदेशों में बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि उनका “समय आ गया है” और उन्हें अतीक अहमद की तरह मार दिया जाएगा।
इन संदेशों के सामने आने के बाद शंकराचार्य के समर्थकों ने इसे सनातन विरोधी तत्वों की साजिश बताया है। उनका कहना है कि गौ रक्षा को लेकर चल रहे अभियान से कुछ लोग असहज हैं और इसी कारण इस तरह की धमकियां दी जा रही हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शंकराचार्य के अधिवक्ताओं की ओर से जल्द ही कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है। समर्थकों ने प्रशासन से मांग की है कि धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
