
वाराणसी। धर्मनगरी काशी में एक बार फिर अनैतिक देह व्यापार का मामला सामने आया है। सीपी संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया।
त्रिदेव मंदिर के सामने स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गेस्ट हाउस के एक कमरे से तीन युवतियों और एक ग्राहक को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
एसीपी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिली सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान होटल संचालक को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
पुलिस यह जांच कर रही है कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
