सरदार सेना ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, लाखों छात्रों के फेल होने, डीजल व LPG संकट पर उठाई आवाज

वाराणसी (काशीवार्ता )। सरदार सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पटेल के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को 30/03/2026 को ज्ञापन भेजकर छात्रों, किसानों और युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजेंद्र सिंह (राजू भैया) विश्वविद्यालय में 2.5 लाख से अधिक छात्रों को बिना पारदर्शी कारण के फेल कर दिया गया। कुलपति प्रो. अखिलेश सिंह और परीक्षा नियंत्रक पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए गए। साथ ही करछना के एपीआई सुनील सिंह पर छात्र संदीप पटेल को फोन पर अभद्र भाषा में धमकाने का आरोप लगाया गया, जिसकी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा भी किया गया। छात्रों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने की बात भी कही गई।
इसके अलावा ज्ञापन में बताया गया कि गेहूं की थ्रेसिंग सीजन के दौरान किसानों को डीजल की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रदेश के विश्वविद्यालयों व स्कूलों के हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को LPG सिलेंडर की कमी से परेशानी हो रही है, जिससे उनके दैनिक जीवन व पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
सरदार सेना ने मांग की है कि एपीआई सुनील सिंह को तत्काल निलंबित कर जांच कराई जाए, फेल छात्रों को प्रमोट किया जाए और उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की निष्पक्ष जांच हो, छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएं, किसानों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराया जाए तथा हॉस्टल छात्रों के लिए LPG सिलेंडर की किल्लत दूर की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 13 अप्रैल 2026 तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में सरदार सेना के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं।

TOP

You cannot copy content of this page