
वाराणसी(काशीवार्ता)। पूर्व मंत्री और विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की पहल से राजघाट क्षेत्र के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को विधायक ने पुलिस आयुक्त से वार्ता कर राजघाट तक यात्री बसों का संचालन पुनः शुरू करवाया। बस संचालन की अनुमति रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक दी गई है, जिससे यात्रियों का आवागमन फिर से शुरू होगा और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
हाल ही में बसों के कारण जाम की समस्या बढ़ने पर प्रशासन ने कज्जाकपुरा के आगे बसों के आवागमन पर रोक लगा दी थी, जिससे यात्रियों की संख्या कम हो गई थी और व्यापारियों को नुकसान हो रहा था। व्यापारियों की व्यथा सुनकर विधायक तिवारी ने पुलिस आयुक्त से समस्या का समाधान करवाया।
राजघाट क्षेत्र में पिछले कुछ सालों में कई विकास कार्य हुए हैं। नमो घाट एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है, और काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए भी यात्री इस मार्ग का उपयोग करते हैं। बस संचालन बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट, होम स्टे और नाविकों जैसे व्यवसाय प्रभावित हो रहे थे।
इस फैसले का स्थानीय व्यापारियों ने स्वागत किया और विधायक तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक से मिलने वालों में मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्र, पार्षद लकी भारद्वाज और अन्य प्रमुख व्यापारी उपस्थित थे।
