मंदिर परिसर में चला साफ-सफाई अभियान, भजन-कीर्तन और केक काटकर हुआ उत्सव
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पखवाड़ा के तहत बुधवार को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के भीषमपुर गांव स्थित लवायन डीह शिव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने विशेष आयोजन किया। जहाँ कार्यक्रम की शुरुआत सेवापुरी मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में साफ-सफाई अभियान से हुई। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मिलकर मंदिर और उसके आसपास के परिसर में झाड़ू लगाकर सफाई की। इस दौरान पूरे क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ और धार्मिक आस्था से भर गया।
सफाई अभियान पूर्ण होने के बाद कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन किया। “हर हर महादेव” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन केक काटकर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यकर्ताओं और उपस्थित ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मौके पर उपस्थित सेवापुरी मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व में भारत को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की छवि एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनी है। दुबे ने यह भी जोड़ा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया है और आने वाले समय में इसे और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
पूर्व राष्ट्रीय मंत्री अजय कुमार सिंह मुन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन समर्पण और सेवा की मिसाल है। उन्होंने कहा कि मोदी ने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। मुन्ना ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भी प्रधानमंत्री की तरह समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। महिलाएं और युवा कार्यकर्ता भजन-कीर्तन में शामिल हुए और पूरे आयोजन को धार्मिक और सामाजिक उत्सव का रूप दिया। ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के जन्मदिन को धार्मिक आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी के संगम के रूप में देखा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवापुरी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है।
जन्मदिन पखवाड़ा के अंतर्गत आने वाले दिनों में सेवापुरी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता सेवा, स्वच्छता और सामाजिक कार्यों को और व्यापक रूप से संचालित करेंगे। इसके लिए योजनाएं पहले से तैयार कर ली गई हैं,जिनमें गांव-गांव जाकर साफ-सफाई अभियान चलाना, जरूरतमंदों की मदद करना और जरूरतमंदों की मदद करना और जनकल्याणकारी कार्य करना शामिल है।
इस दौरान प्रमोद कुमार गौड़,अवधेश कुमार सिंह शन्तोष अवस्थी,कृष्ण कुमार सिंह,राजकुमार राजभर,मनोज कुमार इंदल सिंह,कालिंदर सिंह अभय तिवारी,रिंकू पटेल महेंद्र कुमार गौंड़,अनुज तिवारी सहित सैकड़ो लोग शामिल रहे।