काशी में भव्य देव दीपावली की तैयारी पूरी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

वाराणसी। काशी में इस बार देव दीपावली का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य होने जा रहा है। इस अवसर पर गंगा आरती का कार्यक्रम विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें 21 अर्चक और 42 देव-कन्याएं एक साथ महाआरती करेंगी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि गंगा आरती के दर्शन के लिए करीब दो लाख श्रद्धालुओं के घाटों और नावों पर मौजूद रहने की संभावना है।

देव दीपावली की शाम गंगा पार लगभग 15 मिनट तक आतिशबाजी से आकाश जगमगाएगा। इसके साथ ही तीन शिफ्ट में एक घंटे तक लेजर शो का शानदार प्रदर्शन होगा। 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो के जरिए काशी की प्राचीन संस्कृति, गंगा की महिमा और विश्वनाथ नगरी की आस्था को दर्शाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 31 सब-सेक्टर में बांटा गया है। करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन टीम लगातार निगरानी रखेगी। घाटों और नदी क्षेत्र पर नजर रखने के लिए 10 ड्रोन कैमरे सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा, गंगा की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग और वॉच टॉवर लगाए जाएंगे ताकि किसी भी भीड़भाड़ की स्थिति में तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

भीड़ बढ़ने की स्थिति में ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा और प्रवेश मार्ग अस्थायी रूप से बंद किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस वर्ष देव दीपावली में शामिल हो सकते हैं। प्रशासन ने उनके आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। काशी इस बार एक बार फिर दिव्य और भव्य रोशनी से जगमगाने को तैयार है।

TOP

You cannot copy content of this page