नगर निगम से आजादी के लिए व्यापक आंदोलन की तैयारी

सतनाम सिंह संयोजक बनाए गए

सोमवार से नगर में चलेगा हस्ताक्षर अभियान

प्रतिनिधि मंडल शीघ्र सपा के अखिलेश यादव, कांग्रेस के अजय राय और मुख्यमंत्री जी से वार्ता करेगा

रामनगर (वाराणसी) काशीवार्ता। नगर निगम से मुक्ति को लेकर इंडिया गठबंधन और सामाजिक संगठनों की एक अति आवश्यक बैठक रामनगर थाना के समीप एक लान में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका को नगर निगम में मिलाए जाने से रामनगर के लोग काफी परेशान हैं। नगर निगम के अधिकारियों की तानाशाही रवैया से नगर की जनता त्रस्त और बेहाल हो गई है। जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन कोई सुनने वाला और देखने वाला नहीं है। जिसके चलते नगर के नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। नगर पालिका को नगर निगम में मिलाए जाने से नगर का विकास नहीं बल्कि विनाश हो रहा है। ऐसे में नगर पालिका को नगर निगम से मुक्त किया जाना अति आवश्यक है।

नगर पालिका को वापस लाने के लिए व्यापक पैमाने पर गांधीवादी तरीके से आंदोलन तब तक चलता रहेगा जब तक नगर वासियों को नगर निगम से मुक्ति नहीं मिल जाती। यह आजादी हम लेकर रहेंगे और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। बैठक में आंदोलन को चलाने के लिए जन संघर्ष समिति का गठन किया गया है। जिसमें सर्वसम्मति से सतनाम सिंह को संयोजक तथा राम कुमार यादव और शमशाद खान को सह संयोजक बनाया गया है। इसके लिए 11 लोगों की संचालन समिति भी गठित की गई है।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर सोमवार से पूरे नगर में हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही संचालन समिति शीघ्र ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय से मिलकर पत्र सौंपेगी और वार्ता करेगी। संचालन समिति प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को भी पत्र देगी और वार्ता करेगी।

संचालन समिति में विपिन सिंह, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सुजीत सिंह, आलोक सेठ, इश्कियाक अहमद, विनय मौर्य, मो. फारख, हरिशंकर सिंह, जितेंद्र मलिक, धर्मराज, आरती यादव, बालगोविंद शर्मा, डॉ. मोइन, श्री नारायण द्विवेदी डंडा गुरु, शकील आदि लोग शामिल किए गए हैं। बैठक में भारी संख्या में इंडिया गठबंधन, सामाजिक संगठन और रामनगर व्यापार मंडल के लोग उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page