धर्मनगरी काशी में ऊर्जा सुविधा को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। GAIL (India) Limited वाराणसी द्वारा Kashi Vishwanath Temple के अन्नपूर्णा रसोईघर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति शुरू करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुशील कुमार (महाप्रबंधक–वाराणसी), सुरेश तिवारी (महाप्रबंधक), गौरी शंकर मिश्रा (महाप्रबंधक) तथा देवासीस साहू भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के भीतर अन्नपूर्णा रसोईघर में PNG की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
अन्नपूर्णा रसोईघर में प्रतिदिन लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। वर्तमान में यहां रोज करीब 15 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता है, जो एक महीने में लगभग 450 सिलेंडरों तक पहुंच जाता है। PNG आपूर्ति शुरू होने के बाद इन सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी और उन्हें अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि यह क्षेत्र का पहला बड़ा रसोईघर होगा जहां PNG सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे रसोई संचालन अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति के साथ संभव हो सकेगा।
इस पहल का लाभ केवल अन्नपूर्णा रसोईघर तक सीमित नहीं रहेगा। PNG नेटवर्क के विस्तार से आसपास के क्षेत्रों में भी घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल गैस आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
यह पहल काशी में आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
