

वाराणसी में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के बाद कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक तरीके से होली का उत्सव मनाया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस लाइन और पुलिस आयुक्त आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारी व कर्मचारी रंग, अबीर और गुलाल में सराबोर होकर उत्सव में शामिल हुए।
होली समारोह के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आनंद लिया गया। पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे माहौल और अधिक उल्लासपूर्ण हो गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने होली के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
