पैदल गश्त पर उतरे पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई

वाराणसी (काशीवार्ता): शहर में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने व्यापक भ्रमण और पैदल गश्त कर जमीनी हालात का निरीक्षण किया।

पुलिस आयुक्त ने अंध्रापुल से मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए लंका तक तथा रविदास गेट से मालवीय चौराहा और ट्रॉमा सेंटर तिराहा तक पैदल गश्त कर यातायात, सुरक्षा और जन सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान गलत दिशा में चल रहे 974 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया। बिना नंबर प्लेट वाले 58 वाहनों पर कार्रवाई की गई। गलत बारकोड रूट पर चल रहे 45 ई-रिक्शा और ऑटो को सीज किया गया तथा 404 ई-रिक्शा और ऑटो का चालान किया गया।

अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19 अभियोग दर्ज किए गए और 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक 30 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया है, जो पुलिस की सक्रियता का परिणाम है।

निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। कलर्ड पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए। बिना नंबर प्लेट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर विशेष चेकिंग जारी रखी जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

पुलिस आयुक्त ने साफ कहा कि यातायात अनुशासन और सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

TOP

You cannot copy content of this page