आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में पिंडरा तहसील को 20वीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान

पिंडरा (वाराणसी)। प्रदेश स्तर पर जन शिकायतों के निस्तारण में पिंडरा तहसील ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जून माह के लिए आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह 20वीं बार है जब पिंडरा तहसील को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है।

शासन द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के लिए जिलों व तहसीलों को रैंकिंग दी जाती है। जून माह में पिंडरा तहसील ने सभी प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत समयबद्ध समाधान किया, जिससे उसे यह सम्मान प्राप्त हुआ।

इस उपलब्धि को लेकर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि तहसील प्रशासन शिकायतों के समाधान में गंभीरता और संवेदनशीलता से कार्य करता है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात कर तथ्यात्मक जानकारी ली जाती है और उसके बाद ही पोर्टल पर फीड किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रथम स्थान मिलना निश्चित रूप से टीम को प्रोत्साहित करता है। यह उपलब्धि सिर्फ प्रशासनिक इच्छाशक्ति का ही नहीं बल्कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और तहसील के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

जन सेवा में पिंडरा तहसील की यह प्रतिबद्धता भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी, ऐसा विश्वास तहसील प्रशासन ने व्यक्त किया।

TOP

You cannot copy content of this page