पद्मश्री हॉकी खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद के मकान पर चला बुलडोजर

वाराणसी में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन ने रविवार को बड़ा कदम उठाया। कचहरी चौराहे से संदहा तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य में कई मकान जद में आ गए थे। प्रशासन ने पूर्व सूचना और मुनादी के बाद आज लगभग 13 मकानों को जमींदोज कर दिया। इन मकानों में हॉकी के महान खिलाड़ी और पद्मा श्री सम्मानित मोहम्मद शाहिद का मकान भी शामिल था।

मोहम्मद शाहिद भारतीय हॉकी के इतिहास में स्वर्णिम नाम हैं। 1980 के मास्को ओलंपिक में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उनकी गिनती देश के महानतम हॉकी खिलाड़ियों में होती है। उनके मकान पर बुलडोजर चलना चर्चा का विषय बन गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ मकान मालिक स्वेच्छा से मकान नहीं हटा रहे थे। इसी कारण आज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। मुनादी के जरिए एक हफ्ते पहले ही सभी को चेतावनी दी गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि चौड़ीकरण के बाद इस मार्ग पर यातायात सुगम होगा और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल, प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि सड़क परियोजना समय पर पूरी हो सके।


TOP

You cannot copy content of this page