77वें गणतंत्र दिवस पर श्री सर्वेश्वरी समूह की मानवीय पहल,वाराणसी के केन्द्रीय कारागार में 98 बंदियों को निःशुल्क पावर चश्मा वितरित

वाराणसी।
राष्ट्र के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए वाराणसी के केन्द्रीय कारागार में बंदियों के लिए निःशुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव (वाराणसी) के सौजन्य से तथा श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के दिशा-निर्देशन में 26 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ।

इस अवसर पर कुल 98 बंदियों को उनकी दृष्टि जांच के अनुसार पावर वाले चश्मे निःशुल्क प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा 7 दिसंबर 2025 को केन्द्रीय कारागार परिसर में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में दो दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लगभग 480 बंदियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया था। नेत्र रोग से पीड़ित बंदियों की विशेषज्ञ जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं भी संस्था की ओर से निःशुल्क दी गई थीं।

चिकित्सा शिविर में जिन बंदियों को चश्मे की आवश्यकता बताई गई थी, उन्हें निर्धारित पावर के चश्मे गणतंत्र दिवस के अवसर पर वितरित किए गए। इस चश्मा वितरण कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह के प्रचार मंत्री श्री पारस नाथ यादव ठाठ तथा श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा प्रयाग के संयुक्त मंत्री श्री मनीष कुमार सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि विश्ववंद्य संत परमपूज्य अघोरेश्वर बाबा भगवान राम जी द्वारा स्थापित संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह, बाबा भगवान राम ट्रस्ट एवं अघोर परिषद ट्रस्ट द्वारा कुष्ठ रोगियों, पीड़ितों, उपेक्षितों और जरूरतमंदों की सेवा के साथ-साथ समाज में आदर्श जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देने हेतु निरंतर लोककल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसी क्रम में बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे सभी ने सराहा।

TOP

You cannot copy content of this page