
वाराणसी -(काशीवार्ता)-जनपद सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में पहाड़ी के एक भाग के धंस जाने से कई मजदूर पत्थरों एवं मलबे के नीचे दब गए थे। खदान के भीतर अनेक स्थानों पर पानी भरा हुआ था तथा अत्यधिक अंधकार होने के कारण स्थिति अत्यन्त भयावह एवं चुनौतीपूर्ण थी। लगभग 300 फीट गहरी खदान में फँसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु बचाव एवं राहत कार्य अत्यधिक जोखिमपूर्ण था। ऐसी विषम एवं जानलेवा परिस्थितियों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, 11वीं वाहिनी, वाराणसी द्वारा दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए, अपनी जान की परवाह किए बिना साहस, सूझबूझ एवं कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय परिचय देते हुए बचाव कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उनके धैर्य एवं अदम्य साहस से अनेक श्रमिकों के प्राणों की रक्षा सम्भव हो सकी । जोनल पुलिस कार्यालय, वाराणसी में आयोजित सम्मान समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी ज़ोन पीयूष मोर्डिया द्वारा NDRF की 11वीं वाहिनी, वाराणसी के अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके साहसिक कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई । इस अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के श्री मनोज कुमार शर्मा उपमहानिरीक्षक NDRF एवं श्री नवीन शर्मा उप सेनानायक NDRF उपस्थित रहे ।
