
वाराणसी: शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने और पार्किंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालकों को अपनी व्यवस्था स्पष्ट और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने सभी निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह के भीतर अपने यहां पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या, उपलब्ध खाली स्थान और संचालन में आने वाले खर्च का विस्तृत ब्यौरा देने को कहा है। दरअसल, पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनके समाधान और उचित शुल्क निर्धारण के लिए यह जानकारी मांगी गई है।
इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए “पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट” बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इन स्थानों पर चालक केवल सवारी उतारेंगे और तुरंत आगे बढ़ जाएंगे, वहां वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम से 15 दिन का समय मांगा है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालक तथा ऑटो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है। 🚦🚗
