
वाराणसी(काशीवार्ता)। उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को सलारपुर में आयोजित एक समारोह में 8.30 करोड़ रुपए की लागत से कुल 29 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। ये सभी परियोजनाएं शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला नगरीय विकास अभिकरण विभाग द्वारा संचालित की जाएंगी। मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विभागीय अधिकारियों और कार्यदाईं संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देशित किया कि जिन कार्यों का शिलान्यास आज किया गया है, उन्हें युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर शीघ्रता से मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार ने बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक विकास और निर्माण कार्य कराए हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि पहले विकास कार्यों की शुरुआत तो होती थी, लेकिन उनके अंत का कोई अनुमान नहीं होता था। वर्तमान योगी सरकार में, विकास कार्य न केवल समय पर शुरू होते हैं, बल्कि निर्धारित समय सीमा में पूर्ण भी कराए जाते हैं। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता का प्रतीक है।
