झांसी में आधी रात मुठभेड़: फरार बदमाश के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा बरामद

झांसी में पुलिस के ऑपरेशन क्लीन के तहत आधी रात को हुई मुठभेड़ में पुलिस कस्टडी से फरार चल रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस हिरासत से फरार आरोपी नदीम इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह तेज रफ्तार से भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध .315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 500 रुपये नकद और टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।

घायल आरोपी को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले जिला अस्पताल से मेडिकल के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो चुका था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

TOP

You cannot copy content of this page