संगठन की शक्ति का आधार सदस्यता है – जयवीर सिंह

वाराणसी(काशीवार्ता): प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के संगठन महापर्व “सदस्यता अभियान” का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पहला सदस्य बनाया। इसके बाद, 3 सितंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और अन्य नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

जयवीर सिंह ने संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सदस्यता ही संगठन की शक्ति का आधार है और इसे प्रभावी बनाने के लिए बूथ स्तर तक अभियान चलाया जाएगा। 11 से 17 सितंबर तक विशेष सदस्यता अभियान चलेगा, जिसमें पार्टी के सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

श्री सिंह ने बताया कि पार्टी ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों और मोर्चों को सदस्यता बढ़ाने के लक्ष्य दिए हैं। सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ महिला, युवा, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग मोर्चा को भी सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है।

पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, एमएलसी धर्मेंद्र राय और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।

TOP

You cannot copy content of this page