अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वाराणसी में वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान 8 मार्च,2026 को

सिगरा स्टेडियम में रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की निःशुल्क जांच

“नो सी, नो टच” तकनीक से की जायेगी स्क्रीनिंग

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री जी के “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान से प्रेरित होकर वाराणसी संसदीय क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक महत्त्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाया गया है। “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत 14 जनवरी 2026 से itv foundation के द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वाराणसी संसदीय क्षेत्र में थर्मल कैमरे एवं थर्मलिटिक्स सॉफ्टवेयर की सहायता से महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान पूर्णतः “नो सी, नो टच” माध्यम से चल रहा है एवं प्रतिदिन लगभग 800 से 900 महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा रही है।
उपरोक्त अभियान में दिनांक 6 मार्च 2026 तक लगभग 36000 महिलाओं की स्क्रीनिंग कराई जा चुकी है।
महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार दिनांक 8 मार्च को प्रातः 7:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक सिगरा स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित होगा, जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं की निःशुल्क स्तन कैंसर जांच की जाएगी। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग एवं आईटीवी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश प्रसाद ने दी।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनपद की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाएं और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सीएमओ डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि नो सी, नो टच” तकनीक से स्क्रीनिंग की जायेगी। स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए एआई-पावर्ड थर्मल इमेजिंग तकनीक (थर्मलाइटिक्स) का उपयोग किया जायेगा, जो नॉन-इनवेसिव, रेडिएशन-फ्री और बिना संपर्क की जांच पद्धति है।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम वाराणसी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था, यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की पार्किंग एवं ट्रैफिक संचालन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रीनिंग एवं चिकित्सकीय व्यवस्था, अग्निशमन विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था तथा स्मार्ट सिटी वाराणसी द्वारा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

TOP

You cannot copy content of this page