महाशिवरात्रि तैयारियां: काशी विश्वनाथ धाम में हाई लेवल बैठक, 45 घंटे लगातार होंगे दर्शन

वाराणसी (काशीवार्ता): महाशिवरात्रि पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान नगर निगम, विद्युत विभाग, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र, शुद्ध पेयजल, मेडिकल हेल्पडेस्क और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया गया। अधिकारियों को विद्युत खंभों की टेपिंग और सुरक्षा ऑडिट कराने, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा बंदरों और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धाम में बड़े बैग, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, पेन, तंबाकू, पॉलीथीन सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर न आएं। साथ ही खाली पेट दर्शन के लिए न आने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष या स्पर्श दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगला आरती सुबह 02:15 बजे से 03:15 बजे तक संपन्न होगी। इसके बाद सामान्य दर्शन शुरू हो जाएंगे, जो लगातार 45 घंटे तक चलते रहेंगे। 16 फरवरी 2026 को रात 11 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

TOP

You cannot copy content of this page