महाकुंभ 2025: योगी सरकार करेगी 7000 रोडवेज और 550 सिटी बसों का संचालन

लखनऊ।उत्तर प्रदेश सरकार महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक परिवहन व्यवस्था की तैयारी कर रही है। परिवहन निगम 7000 रोडवेज बसों और 550 सिटी बसों का संचालन करेगा। यह बसें तीन चरणों में संचालित की जाएंगी। प्रथम चरण में 3050 रोडवेज बसों का संचालन होगा, जबकि द्वितीय चरण में सभी 7000 बसें यात्रियों की सेवा में तैनात होंगी। स्थानीय स्तर पर नगरीय परिवहन द्वारा 200 सिटी बसें चलाई जाएंगी, जबकि 350 सिटी बसों का संचालन परिवहन निगम द्वारा किया जाएगा।

अस्थाई बस स्टेशनों और चेक पोस्टों की स्थापना
महाकुंभ 2025 का आयोजन तीन चरणों में होगा:

  • प्रथम चरण: 12 जनवरी से 23 जनवरी
  • द्वितीय चरण: 24 जनवरी से 7 फरवरी
  • तृतीय चरण: 8 फरवरी से 27 फरवरी

मुख्य स्नान पर्व 13 जनवरी, 14 जनवरी, 29 जनवरी, 3 फरवरी, 12 फरवरी और 26 फरवरी को होंगे, जिसमें 29 जनवरी 2025 को मौनी अमावस्या प्रमुख स्नान पर्व है। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए आठ अस्थाई बस स्टेशनों की स्थापना की जाएगी।

इसके साथ ही लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्ज़ापुर और बांदा मार्गों पर सात चेक पोस्ट भी बनाई जाएंगी। इन बस स्टेशनों पर क्षेत्र प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और सेवा प्रबंधक की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें।

सेंट्रल कंट्रोल रूम की स्थापना
मेला अवधि के दौरान मुख्यालय पर 24 घंटे कार्यरत रहने वाला एक सेंट्रल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यह कंट्रोल रूम मेला अवधि में सभी बस स्टेशनों और चेक पोस्टों के संचालन की निगरानी करेगा ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

इस महाआयोजन के लिए परिवहन निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है, जिसमें कुंभ के दौरान होने वाली परिवहन व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार किया गया।

TOP

You cannot copy content of this page