
वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 22 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में निगरानी के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार, टीम ने बिहार जाने वाली गाड़ी संख्या 22588 बनारस-सियालदह एक्सप्रेस में जांच के दौरान संदिग्ध सामान बरामद किया। तलाशी लेने पर कुल 36.125 लीटर अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 18,890 रुपये बताई गई है। बरामद शराब में 35 बोतल 8PM (750 ML), 3 बोतल रॉयल स्टेग (375 ML), 1 बोतल इम्पीरियल ब्लू (750 ML) और 8 कैन किंगफिशर बियर शामिल हैं।
मौके से धनु कुमार (28 वर्ष), पुत्र संजय राय, निवासी भटगांव थाना बाढ़ जिला पटना (बिहार) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पता चला कि वह शराब बिहार ले जाने की फिराक में था।
आरपीएफ पोस्ट बनारस पर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी को बरामद शराब, फर्द और लिखित तहरीर के साथ जीआरपी वाराणसी कैंट के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी ने आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
