
वृंदावन में हुए यमुना नाव हादसे के बाद वाराणसी प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। गंगा नदी में नौका विहार के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत नावों की नियमित जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस ने एक ऐसी नाव को सीज कर दिया, जिसमें यात्रियों को लाइफ जैकेट नहीं पहनाई जा रही थी। जांच के दौरान पाया गया कि नाविक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे थे और बिना लाइफ जैकेट के ही पर्यटकों को गंगा में नौका विहार कराया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाव को जब्त कर दिया और नाविक को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गंगा में नाव संचालन के दौरान सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ जुर्माना, नाव सीज करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नाविकों के साथ-साथ पर्यटकों से भी अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक रहें। नौका विहार से पहले लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह सख्ती गंगा में होने वाले नौका विहार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
