अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में श्रद्धापूर्वक मनाया गया कुष्ठ निवारण दिवस

वाराणसी। श्री सर्वेश्वरी समूह, संस्थान देवस्थानम् द्वारा संचालित अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी के पावन प्रांगण में शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को कुष्ठ निवारण दिवस श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष पूज्यपाद औघड़ गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में आयोजित हुआ।

अपराह्न 3:30 बजे आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के अवकाशप्राप्त अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. वी. पी. सिंह ने की। मुख्य वक्ताओं में श्री सर्वेश्वरी समूह के प्रचार मंत्री पारसनाथ यादव, आश्रम के प्रधान चिकित्सक वैद्य बैकुंठनाथ पाण्डेय, डॉ. अनिल कुमार सिंह और डॉ. संजय सिंह शामिल रहे। वक्ताओं ने आश्रम द्वारा उपेक्षित और पीड़ित जनों की निस्वार्थ सेवा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु ने पीड़ित मानवता की सेवा को ही सर्वोच्च धर्म और सच्ची पूजा बताया है।

गोष्ठी का शुभारंभ श्री सर्वेश्वरी समूह के मंत्री डॉ. शिवपूजन सिंह द्वारा परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। मंगलाचरण ओमप्रकाश तिवारी ने किया। संचालन डॉ. वामदेव पाण्डेय ने और धन्यवाद ज्ञापन आश्रम व्यवस्थापक हरिहर यादव ने किया।

गोष्ठी के पश्चात कुष्ठी बंधुओं और माताओं में फल, बिस्कुट आदि का वितरण किया गया। इससे पूर्व प्रातःकालीन सफाई एवं श्रमदान के बाद मध्याह्न में कुष्ठ रोगियों को नवीन वस्त्र भी वितरित किए गए।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1961 में परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी द्वारा स्थापित यह कुष्ठ सेवा आश्रम बिना किसी सरकारी अनुदान के, जनसहयोग से संचालित होता है। वर्तमान में पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी के मार्गदर्शन में यहां प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति, आयुर्वेदिक और फकीरी विधि से कुष्ठ रोगियों को पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जा रहा है। अब तक लाखों रोगियों को स्वस्थ कर समाज में सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित करने के लिए इस संस्था का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है।

TOP

You cannot copy content of this page