
मिर्जामुराद। नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब काशी नरेश अनंत नारायण सिंह की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार काशी नरेश, उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षाकर्मी सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, काशी नरेश अनंत नारायण सिंह अपने रामनगर स्थित किले से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद के पास नेशनल हाईवे-19 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए हाईवे पर यातायात को व्यवस्थित कराया। पुलिस की मौजूदगी में कुछ ही देर में आवागमन सामान्य हो गया।
