
वाराणसी -(काशीवार्ता)-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक बड़ी खुशखबरी देने जा रहे हैं। सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में अब एक भव्य और आधुनिक सदन का निर्माण होगा, जिसका आकार काशी विश्वनाथ मंदिर जैसा होगा। ₹97 करोड़ की लागत से बनने वाले इस चार मंजिला भवन की आधारशिला पीएम मोदी अगले माह रख सकते हैं। इस नए भवन की सबसे बड़ी विशेषता इसका “काशी और गंगा” थीम पर आधारित होना है, जिसके प्रवेश द्वार पर त्रिपुंड और त्रिनेत्र की आकृति बनेगी। 21858.01 वर्गमीटर में फैले इस परिसर में बैंक, पोस्ट ऑफिस, पुलिस चौकी और 180 पार्षदों के बैठने की आधुनिक व्यवस्था होगी। महापौर अशोक तिवारी के अनुसार, इसे गुणवत्ता के साथ 15 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
