बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चोरी, शादी से लौटे परिवार को मिला टूटा दरवाजा

वाराणसी (काशीवार्ता)। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी बेलवा बाबा, सोयेपुर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। परिवार के शादी समारोह से लौटने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्र में लगातार दूसरी चोरी की घटना से लोगों में दहशत फैल गई है।

कमालपुर (जनपद चंदौली) निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा यहां परिवार के साथ रहते हैं और एक ऑटोमोबाइल सेंटर में सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी की सुबह वह पत्नी और बेटी के साथ आरा (बिहार) में साली की शादी में शामिल होने गए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी उन्होंने पड़ोस के अस्पताल कर्मचारी गौतम यादव को दी थी।

पीड़ित के अनुसार 11 फरवरी की रात करीब 10:40 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा था। चोरों ने अलमारी की चाबी तलाश कर उसे खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।

चोरी हुए गहनों में कान का झाला, झुमका, नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। पीड़ित के मुताबिक करीब 12 से 13 लाख रुपये के जेवर और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं।

गौतम यादव ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे अस्पताल में इमरजेंसी केस आने पर वह वहां चला गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान में वारदात को अंजाम दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात में निगरानी कड़ी करने की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page