
वाराणसी, 18 फरवरी 2026। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने सहायक यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) ओजस श्रीवास्तव के साथ बनारस कोचिंग डिपो में अनुरक्षित होने वाली गाड़ियों के वातानुकूलित कोचों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पावर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम, डीजल जनरेटर संयंत्र, एच टाइप कपलिंग, हाइड्रोलिक ब्रेकिंग प्रणाली तथा अग्निशमन प्रणाली की गहन जांच की गई। निरीक्षण में विद्युत और यांत्रिक विभाग के वरिष्ठ पर्यवेक्षक व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से एलएचबी ईओजी और एचओजी प्रकार के एसी कोचों में लगे स्विच बोर्ड कैबिनेट और एकीकृत विद्युत वितरण पैनल का परीक्षण किया। ये पैनल एयर कंडीशनिंग, प्रकाश व्यवस्था, पैंट्री और स्वच्छता प्रणालियों को सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। इसके बाद एफडीएसएस प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई, जो आग की पहचान कर उसे स्वतः नियंत्रित करने में सक्षम है।
निरीक्षण के क्रम में एलएचबी कोचों के एएआर टाइप एच टाइटलॉक सेंटर बफर कपलर सिस्टम और उन्नत ट्विन पाइप, ग्रेज्युएटेड रिलीज, एक्सल माउंटेड डिस्क ब्रेक सिस्टम की भी जांच की गई, जो उच्च गति संचालन में सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
