
वाराणसी, 6 मार्च 2026:
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सर्किट हाउस वाराणसी में विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें, जिससे विकास योजनाओं में गति, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के अनुरूप ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि “लखपति दीदी” योजना के तहत महिलाओं की संख्या एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख तक करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में लगभग 1.48 लाख स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांग और विधवा महिलाओं को आवास योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। इन शिविरों में मुख्य चिकित्साधिकारी की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्रता की जांच नियमानुसार हो सके।
इसके अलावा उन्होंने जनपद में बने बारात घरों के संचालन को स्वयं सहायता समूहों को सौंपने के निर्देश दिए, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। जिन ग्राम पंचायतों में बारात घर नहीं हैं, वहां उपयुक्त स्थान चिन्हित कर CSR फंड से निर्माण कराने की बात भी कही गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
