
कोन (सोनभद्र)। चैत्र मास के पावन पर्व राम नवमी के अवसर पर शुक्रवार को कोन कस्बे में भव्य शोभायात्रा और आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों रामभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत कोन बाजार स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेतकटवा देवी मां मंदिर पहुंचा। वहां दर्शन-पूजन के बाद शोभायात्रा पुनः पूरे बाजार का भ्रमण करती हुई रामलीला मैदान में जाकर सम्पन्न हुई।
जुलूस के दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
पूरे रास्ते “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर सुमेर शर्मा, हृदय निवास पांडेय, प्रभास पांडेय, हरिशंकर वर्मा, पुष्पराज, रमेश चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान संतोष पासवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष कोन विजयशंकर जायसवाल, विकास, सुशील जायसवाल, रामकुमार जायसवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक और सैकड़ों रामभक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन रामलीला मैदान में आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों को और भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।
