भाजपा-इंडिया गठबंधन की आज अहम बैठके, आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आज राजनीतिक दलों की कई अहम और बड़ी बैठकें होनी हैं। एक और जहां बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस व उसके सहयोगियों ‘इंडिया गठबंधन’ की बैठक होगी। वहीं भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की भी बैठक होगी। केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग भी बुधवार सुबह हो सकती है। इसके अलावा राष्ट्रपति भवन में 5 जून से केंद्रीय मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू होगी। इसी तैयारी के लिए राष्ट्रपति भवन 5 से 9 जून तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन में 9 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।

भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने सभी 543 लोकसभा क्षेत्रों के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिसमें भाजपा ने 240 सीटें जीती हैं और कांग्रेस ने 99 सीटें जीती हैं। लोकसभा में 543 सदस्य हैं। हालांकि, सूरत से भाजपा के उम्मीदवार मुकेश दलाल के निर्विरोध चुने जाने के बाद 542 सीटों के लिए वोटों की गिनती की गई।

आंध्र प्रदेश में जबरदस्त जीत दर्ज करने वाले तेलुगू देशम पार्टी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू भी 5 जून को दिल्ली पहुंचेंगे। चंद्रबाबू नायडू की पार्टी एनडीए का हिस्सा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कहना है कि 5 जून को इंडिया गठबंधन की बैठक है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नए सहयोगियों की संभावना तलाशने से इनकार नहीं किया है। हालांकि, कांग्रेस ने कहा कि वे किसी भी निर्णय से पहले अपने सहयोगियों से मुलाकात और बातचीत करेंगे। सहयोगियों को विश्वास में लेकर ही आगे कोई भी रणनीति तय की जाएगी।

यही कारण है कि 5 जून (बुधवार) को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक को काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मतगणना के दौरान भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन अभी तक किसी भी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। भारतीय जनता पार्टी 240 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं अब तक कांग्रेस पार्टी को 99 सीटें हासिल हुई हैं।

TOP

You cannot copy content of this page