चिली से लौटीं हॉकी खिलाड़ी पूर्णिमा यादव का हरहुआ में भव्य स्वागत

हरहुआ (काशीवार्ता)वाराणसी । चिली में आयोजित जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप (वर्ष 2025-26) में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर स्वदेश लौटीं पूर्णिमा यादव का प्रथम काशी गृह आगमन ऐतिहासिक क्षण बन गया। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर जनप्रतिनिधियों, परिजनों और खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट से खुले वाहन में जैसे ही उनका काफिला हरहुआ की ओर बढ़ा, रास्ते में आरटीओ, काजीसराय, विवेक एकेडमी, करोमा गेट पंचक्रोशी मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
घर पहुंचने से पहले पूर्णिमा ने अपने गांव स्थित शहीद तिलकधारी यादव स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। घर पर उनकी माता अमरावती देवी, बड़ी माता हरदेई देवी, लक्ष्मी देवी और बहन स्मृति यादव ने तिलक लगाकर आरती उतारी। भावुक क्षणों में पूर्णिमा ने सभी बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पूरे गांव में उत्सव और गर्व का माहौल देखने को मिला।
मैदान में दमदार प्रदर्शन
फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलने वाली और अपनी शानदार डोजिंग स्किल के लिए प्रसिद्ध पूर्णिमा यादव ने बताया कि टीम का मुकाबला स्पेन, जर्मनी, उरुग्वे और आयरलैंड जैसी मजबूत टीमों से हुआ। कड़े संघर्ष में भारतीय टीम ने उरुग्वे और आयरलैंड को शिकस्त दी। 26 देशों की टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और चार पूलों में मुकाबले खेले गए। उन्होंने कहा कि सभी के आशीर्वाद और समर्थन से उन्होंने पूरे मनोयोग और कौशल के साथ प्रदर्शन किया।

स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

एयरपोर्ट से घर तक स्वागत करने वालों में उनके पिता कौशलेंद्र यादव, प्रधान प्रधान मधुवन यादव, शंभू यादव, जिला पंचायत सदस्य मूलचंद यादव, के.एल. पथिक, सर्वेश यादव,मोदी यादव, अवधेश यादव, दीपक चौहान, कैलाश यादव, आशीष राजभर, राजनारायण पटेल, भगत यादव, बांकेलाल कन्नौजिया, बंशराज यादव सहित सैकड़ों खेल प्रेमी शामिल रहे।
काशी की इस होनहार बेटी की उपलब्धि से क्षेत्र में गर्व और उत्साह की लहर है।

TOP

You cannot copy content of this page