
वाराणसी। मधुरीमां सत्संग समिति की ओर से रविवार की शाम चन्दुआ छित्तुपूर स्थित एकता पार्क में माता की चौकी एवं डांडिया नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण छाया रहा। समिति की अध्यक्ष माधुरी तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद भक्तों ने मां को भोग लगाया और प्रसाद वितरण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण कर माता रानी से आशीर्वाद लिया।
संध्या समय ढोल-नगाड़ों और शंख ध्वनि के बीच आरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान पूरा परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर मैया को रिझाया। रंग-बिरंगे परिधानों, संगीत और नृत्य की ताल पर महिलाएं देर रात तक झूमती रहीं। समिति की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनमें प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
माधुरी तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक साथ लाने और भारतीय संस्कृति को सहेजने का सुंदर माध्यम हैं।
कार्यक्रम में समिति की अनेक सदस्याएं जैसे शिल्पी श्रीवास्तव, किरण श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव, राज शेखर, पूनम ओझा सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। रातभर माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा, जहां भक्ति और नृत्य ने मिलकर एक सुंदर समरसता का वातावरण रचा।