बिना चिंता कराइए इलाज, पैसा देगी सरकार: मुख्यमंत्री

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद मांगने आए लोगों को सीएम योगी ने किया आश्वस्त

गोरखपुर, 6 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने वाले लोगों को आश्वस्त किया कि वे बिना चिंता किए अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि इलाज का सारा खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके इलाज का इस्टीमेट जल्द से जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि उन्हें मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता मिल सके।

गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लगभग 300 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण करें ताकि किसी को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन विवाद या दबंगई जैसी समस्याओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पारिवारिक मामलों का निपटारा संवाद के माध्यम से किया जाए।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार किसी भी जरूरतमंद को इलाज के लिए धन की कमी का सामना नहीं करने देगी। उन्होंने एक भावुक महिला को आत्मीय संबल देते हुए कहा कि डॉक्टर से इस्टीमेट मंगवाइए, सरकार इलाज का सारा पैसा देगी। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड की जानकारी भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए।

बुजुर्ग महिला के लिए विशेष व्यवस्था

जनता दर्शन के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने अपने परिवार की उपेक्षा के कारण मिलने वाली पीड़ा की बात मुख्यमंत्री से साझा की। मुख्यमंत्री ने महिला से पूछा कि वह क्या चाहती हैं। महिला ने अपनी इच्छा व्यक्त की कि वह जीवन के शेष दिन किसी धर्मनगरी में बिताना चाहती हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, “माई! वृंदावन या काशी, जहां भी रहना चाहो, बता दो, सारी व्यवस्था हम कर देंगे।” उन्होंने अधिकारियों से वृद्ध महिला की देखभाल और धर्मनगरी में ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

TOP

You cannot copy content of this page