वाराणसी-(काशीवार्ता)- लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। सीआईएसएफ के जवानों ने संदेह के आधार पर बुर्का पहनकर यात्रा कर रही एक हिंदू युवती को रोका, जिसके साथ गाजीपुर निवासी इमरान खान नामक युवक भी मौजूद था। पहचान पत्रों के मिलान के दौरान युवती का नाम हिंदू होने और वेशभूषा अलग होने परसुरक्षाकर्मियों ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें युवती ने स्वीकार किया कि वह मुंबई जा रही है। शुरुआती जांच में युवती ने बताया कि वह बिहार के गोपालगंज की रहने वाली है और इमरान उसे मुंबई में रहने वाले उसके प्रेमी के पास ले जा रहा था, जो रिश्ते में इमरान का संबंधी है और वहां प्लंबर का काम करता है। सुरक्षा बलों ने मामले की संवेदनशीलता और दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ाव को देखते हुए तत्काल फूलपुर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल प्रेम प्रसंग और पहचान छिपाकर यात्रा करने के कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है और परिजनों के आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।
